फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद की विभिन्न सोसायटियों के आरडब्ल्यूए प्रधान और निवासी रविवार को सेक्टर-82 स्थित कैफे स्माइली में एकत्र हुए। बैठक का मुख्य मुद्दा आवारा कुत्तों का बढ़ता आतंक रहा। लोगों ने तय किया कि इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए जिला उपायुक्त विक्रम सिंह को ज्ञापन सौंपा जाएगा और नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा को भी शिकायत पत्र भेजा जाएगा।

स्थाई समाधान की मांग
आरपीएफ सवाना के आरडब्ल्यूए प्रधान आकाशदीप पटेल, पार्क फ्लोर के हरीश, पार्क फ्लोर-2 के रमेश गुलिया, आरपीएस पाम के विश्वरूप और डिस्कवरी पार्क के जेडी डागर सहित अन्य प्रतिनिधियों ने कहा कि समस्या का समाधान जरूरी है। लोगों का कहना है कि वे कुत्तों के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन इनके कारण आए दिन हमले और दिक्कतें होती हैं।
सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस पर जोर
बैठक में तय किया गया कि नगर निगम से सड़कों पर घूम रहे आक्रामक (कटखने) कुत्तों को हटाने और फीडिंग प्वाइंट तय करने की मांग की जाएगी। वहीं, यदि कोई व्यक्ति तय स्थान से हटकर कहीं और कुत्तों को खिलाता है तो उसकी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी। यह सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस का हिस्सा है और लोगों को इसे मानना होगा।
गौवंश और अन्य समस्याएँ भी उठीं
बैठक में यह भी मुद्दा सामने आया कि कुछ पशुपालक अपने गौवंश सड़कों पर छोड़ देते हैं, जिससे हादसे होते हैं और मवेशियों की दुर्दशा होती है। लोगों ने नगर निगम से इन्हें गौशालाओं में भेजने की मांग की।
इसके अलावा पेयजल संकट, जलभराव, टूटी सड़कें और बिजली कटौती जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
लोगों ने बताया कि इसी सप्ताह अधिकारीयों को ज्ञापन सौंपकर स्थाई समाधान की मांग की जाएगी।
