फरीदाबाद पुलिस प्रशासन ने अब अपराधियों को उनकी दहलीज तक पहुंचने से पहले ही सड़क पर पकड़ने की योजना बनाई है। इसके तहत सभी जोन की क्राइम ब्रांच की ड्यूटी विशेष अभियान में लगाई जा रही है।

सड़क पर विशेष नाके, बिना नंबर प्लेट और काली फिल्म वाले वाहन निशाने पर
पुलिस के अनुसार सड़क पर लगाए जाने वाले नाकों पर क्राइम ब्रांच के जवान भी तैनात रहेंगे। इसका मकसद बिना नंबर प्लेट और काली फिल्म लगाकर अपराध को अंजाम देने वालों पर सख्ती करना है। थाना पुलिस पहले से ऐसे चालकों पर कार्रवाई करती रही है, लेकिन क्राइम ब्रांच के शामिल होने से अभियान और मजबूत होगा।
पुलिस आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश
हाल ही में पुलिस आयुक्त सतेंद्र गुप्ता ने सभी क्राइम ब्रांच प्रभारियों की बैठक ली थी और प्रत्येक जोन में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद डीसीपी मुकेश मल्होत्रा और एसीपी वरुण दहिया के नेतृत्व में तिगांव जोन में नाका लगाकर 12 से अधिक काली फिल्म लगाने वाले वाहन चालकों को पकड़ा गया।
2 घंटे में पकड़ा गया स्नेचर
इसी अभियान के दौरान क्राइम ब्रांच-56 ने तेज कार्रवाई करते हुए चेन स्नैचिंग करने वाले एक बाइकर्स को दो घंटे के भीतर गिरफ्तार किया। मामला संजय कॉलोनी का था, जहां दो युवक पानी मांगने के बहाने पहुंचे और महिला की चेन झपटकर फरार हो गए। शिकायत मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी की और आरोपित साहिल को समयपुर गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया।
हर जोन में होगा अभियान
एसीपी वरुण दहिया ने बताया कि हर सप्ताह जोन के हिसाब से नाकों पर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई होगी। इस दौरान विशेष ध्यान रखा जाएगा कि किसी निर्दोष को परेशान न किया जाए। उनका कहना है कि अधिकतर स्नैचिंग और अन्य आपराधिक गतिविधियां संदिग्ध वाहनों से ही अंजाम दी जाती हैं, इसलिए ऐसे वाहनों पर पैनी नजर रखी जाएगी।
