फरीदाबाद। एनआईटी नंबर 3 निवासी ठेकेदार कृष्ण गोपाल की आत्महत्या के मामले में उसकी बहन की शिकायत पर जीआरपी पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है कि मृतक की पत्नी के नाजायज संबंध और संपत्ति पर कब्जे के कारण वह लंबे समय से परेशान था। इसी दबाव में आकर उसने बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी।
पत्नी पर नाजायज संबंधों का आरोप
शिकायत के अनुसार, मृतक की शादी 13 साल पहले हुई थी, लेकिन दंपती के कोई संतान नहीं थी। मृतक की बहन सीमा ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी के उमेश नामक युवक से अवैध संबंध थे। जब कृष्ण गोपाल इसका विरोध करता था, तो पत्नी का साथ देने के लिए उसकी साली नेहा, उसका पति काकू उर्फ राजीव, साला संयकी, उमेश का भाई ओमप्रकाश और एक NGO से जुड़ी महिला उसे प्रताड़ित करते थे।
कार और पैसों पर कब्जे का भी आरोप
परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने मृतक की डिजायर कार और पैसों पर भी कब्जा कर लिया था। बार-बार की मानसिक और शारीरिक यातनाओं से कृष्ण गोपाल तनाव में रहता था।
आत्महत्या से एक दिन पहले की घटना
शिकायत में यह भी कहा गया है कि मौत से एक दिन पहले आरोपियों ने कृष्ण गोपाल से मारपीट की और डबुआ चौकी में उसके खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराई। वहीं पुलिस चौकी में भी उसकी पिटाई और बेइज्जती की गई। रात को जब वह घर लौटा तो अपने बहनोई परविंद्र को बताया कि आरोपियों की यातनाओं से वह बेहद परेशान है और उसे आत्महत्या के लिए उकसाया जा रहा है। अगले ही दिन उसने रेलवे ट्रैक पर कूदकर आत्महत्या कर ली।
आठ पर केस दर्ज, जांच जारी
जीआरपी थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि मृतक की बहन की शिकायत पर पत्नी, कथित प्रेमी उमेश, काकू उर्फ राजीव, नेहा, संयकी, टीना, ओम प्रकाश और आशा के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

