फरीदाबाद में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर दो गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छेड़छाड़ और अश्लील हरकतों से परेशान होकर दो युवतियों ने सुसाइड की कोशिश की है। दोनों ही घटनाओं में पीड़िताओं को समय रहते अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामलों में रविवार को कार्रवाई शुरू कर दी है।

ओल्ड थाना क्षेत्र के गांधी कॉलोनी निवासी महिला ने शिकायत दी है कि उनकी 19 साल की बेटी को पिछले आठ महीनों से एक नंबर से लगातार कॉल और मैसेज कर परेशान किया जा रहा था। कॉल करने वाला युवक अश्लील बातें करता और मना करने पर भी अपनी हरकतों से बाज नहीं आता था।
परिजनों के मुताबिक, लगातार हो रहे मानसिक उत्पीड़न से आहत होकर युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिवारजन उसे तुरंत निजी अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
ओल्ड थाना प्रभारी ने बताया कि अभी युवती बयान देने की स्थिति में नहीं है। आरोपी का पता लगाने के लिए मोबाइल की जांच की जा रही है। युवती के बयान दर्ज होने के बाद स्थिति और साफ होगी।
सेक्टर-58 की स्टूडेंट ने काटी हाथ की नस दूसरी घटना सेक्टर 58 थाना क्षेत्र की है। यहां 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक स्टूडेंट ने छेड़छाड़ और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर अपने हाथ की नस काट ली थी। समय रहते परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जिससे उसकी जान बच गई। इस मामले में स्टूडेंट ने आरोप लगाया था कि दीपक नामक युवक ने पहले उसके साथ रेप किया और फिर अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देकर लगातार परेशान कर रहा था।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। यह घटना 25 अगस्त की बताई जा रही है।
