फरीदाबाद। ऑनलाइन एयर टिकट बुकिंग की वेबसाइट www.faresoflights.com के जरिये बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। शिकायतकर्ता महिला, जो इस वेबसाइट की प्रोपराइटर हैं, ने आरोप लगाया कि उनकी साइट को किराए पर लेकर कुछ लोगों ने तीन महीने में करीब 9 करोड़ रुपये का घोटाला कर दिया

पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला का कहना है कि अक्टूबर 2022 में विश्वदीप सिंह से परिचय हुआ था। इसके बाद अगस्त 2024 से वेबसाइट को 2.20 लाख रुपये मासिक किराये पर दिया गया। लेकिन जनवरी 2025 से अप्रैल 2025 तक आरोपियों ने 2500 नकली टिकट बनाकर लाखों रुपये वसूले और ग्राहकों को ठग लिया।
आरोप है कि इस दौरान विश्वदीप सिंह, हिमांशु, आकाशदीप, दीक्षा और अर्पित ने जाली ईमेल आईडी बनाकर यात्रियों को लुभाया। जब शिकायतें बढ़ीं तो वेबसाइट ब्लॉक कर दी गई। महिला का कहना है कि न तो किराया चुकाया गया और न ही 90 लाख रुपये की प्रतिष्ठा हानि का मुआवजा। उल्टा आरोपियों ने उनके पति को धमकी तक दी।
अब पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
