फरीदाबाद। धौज थाना क्षेत्र के सरूरपुर में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई जब बारहवीं कक्षा के छात्र ने अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, सरूरपुर की तुलसी कॉलोनी निवासी रामदेव का बेटा अंकित (12वीं कक्षा का छात्र) घर पर अकेला था। पिता रामदेव ड्यूटी पर गए हुए थे, मां मंदिर और बहन अर्पिता (आठवीं कक्षा की छात्रा) स्कूल गई हुई थी। इसी दौरान अंकित ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने खिड़की से अंकित को फंदे पर लटका देखा और तुरंत परिजनों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
धौज थाना पुलिस ने बताया कि छात्र के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने अंकित का मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया है और उसकी जांच की जा रही है। अभी तक आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
