फरीदाबाद। मंझावली पुल के पास यमुना में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। निजी कॉलेज बस का कंडक्टर तेज बहाव में डूब गया, जबकि चालक को ग्रामीणों ने समय रहते बचा लिया। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

ऐसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, राजीव कॉलोनी बल्लभगढ़ निवासी राहुल (बस चालक) और उत्तर प्रदेश के जेवर निवासी सतीश भारद्वाज (कंडक्टर) यमुना के किनारे पहुंचे थे। पहले राहुल नहाने के लिए नदी में उतरा, लेकिन वह तेज धारा में बहने लगा। उसे बचाने के लिए सतीश भी पानी में कूद गया। ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए राहुल को तो बाहर निकाल लिया, लेकिन सतीश तेज बहाव में फंसकर डूब गया।
पुलिस और गोताखोरों की मदद से मिला शव
घटना की सूचना मिलते ही थाना तिगांव पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की टीम और गोताखोरों की मदद से सतीश का शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को बादशाह खान अस्पताल भिजवाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यमुना का बढ़ा जलस्तर
ग्रामीणों ने बताया कि इन दिनों यमुना का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है और बहाव भी बहुत तेज है। इसके बावजूद लोग वहां घूमने और नहाने चले आते हैं, जिससे हादसे बढ़ने का खतरा रहता है।
