फरीदाबाद। आदर्श नगर थाना इलाके में 13 साल की किशोरी को बहला-फुसलाकर दो युवकों ने अगवा कर लिया। दोनों आरोपियों ने अलग-अलग स्थान पर किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। किशोरी की मां के बयान पर आदर्श नगर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। इसमें उनके एक साथी ने भी आरोपियों का सहयोग किया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों की तलाश में टीमें लगी हुई हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

किशोरी की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि परिवार यूपी का मूल निवासी है और वे यहां किराये पर रहते हैं। उनकी 13 साल की बेटी शहर के एक फिजियोथैरेपी सेंटर पर काम करती है। 20 अगस्त की सुबह किशोरी काम पर जाने के लिए निकली। जब वह बस स्टैंड पर पहुंची तो वहां पर एक युवक अपने ऑटो चालक साथी के साथ खड़ा हुआ था। युवक ने किशोरी को बहला फुसलाकर ऑटो में बैठा लिया और एक होटल में ले गए। वहां पर आरोपी ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया।
आरोप है कि वहां आरोपी ने अपने एक अन्य साथी को बुलाया। दूसरा युवक स्कूटी लेकर आया और किशोरी को अपने साथ स्कूटी पर बैठाकर ले गया। 21 अगस्त को आरोपी किशोरी फिजियोथैरेपी सेंटर पर छोड़कर चले गए, शाम को दुष्कर्म करने वाला युवक फिजियोथैरेपी सेंटर पर पहुंचा और किशोरी को फिर से बाइक पर बैठाकर तिगांव रोड पर ले गया। वहां किशोरी को आरोपी ने अपने ऑटो चालक दोस्त के पास छोड़ा और चला गया। आरोपी ऑटो चालक किशोरी को सुनसान स्थान पर ले गया और उसे नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया।
22 अगस्त की सुबह किशोरी अपने घर पहुंची और मां को दो दिन तक उसके साथ हुए दुष्कर्म के बारे में बताया। आरोप है कि इसी बीच मुख्य आरोपी के माता-पिता शादी का प्रस्ताव लेकर पीड़ित लड़की के घर पहुंच गए। तब मामला पुलिस तक पहुंचा। मामले में अब आदर्श नगर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
